सबसे पहली बात तो ये कहूँगा कि ऐसे चेहरे हिन्दी फ़िल्मों के पर्दे से गुम हो गए हैं जो सुंदरता के भारतीय मानकों पर खरे उतरते हैं। नज़रिया नाज़िम के चेहरे में जो मासूमियत है, और जो शुद्ध देसी खूबसूरती है, फ़िल्म में आधा मन तो वही लगाए रहती है। और फिर ये तो फ़िल्म भी उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमती है, वही हैं इसके नाम की “सूक्ष्मदर्शिनी” जिसका नाम असल में प्रियदर्शिनी है और उसे सब प्रिया कहते हैं।
प्यारी फ़िल्म है। ब्लैक कॉमेडी थ्रिलर कह सकते हैं। कहानी इत्मिनान से शुरू होती है और वैसे ही चलती रहती है। थ्रिलर है पर लाउड नहीं होती, बल्कि ऐसा लगता है जैसे फ़िल्म को खुद भी पता नहीं है कि वो थ्रिलर है, वो तो ये समझती है कि वो एक गृहिणी की कहानी है जो हद से ज़्यादा जिज्ञासु है, उसे कोई जिज्ञासा हो जाती है तो उसे जानने के लिए खतरे भी उठा लेती है। उसका तेज़ दिमाग छोटी-छोटी बातों से ऐसी कई बातें समझ जाता है जिन्हें छुपाया जा रहा है, मसलन पहला ही दृश्य है जब उसका पति किच्चन में दूध गरम कर रहा है और फोन पर बात करने के चक्कर में दूध इंडक्शन पर गिर जाता है। वो जल्दी से सब साफ़ कर देता है ताकि बीवी को पता न चले लेकिन फिर भी उसे पता चल जाता है, क्योंकि पतीला उसने नीचे से साफ़ नहीं किया होता है।
तो प्रिया के पड़ोसी अपने घर में रहने वापस आते हैं, जो अब तक खाली पड़ा था। प्रिया को रोज़ उनकी दिनचर्या को देखकर लगता है कि सब कुछ ठीक नहीं है और माजरा क्या है यही पता करने के लिए वो सिरों को जोड़ने की कोशिश करती है जो घटनाएँ घाट रही हैं उनके और अंत में एक बड़े रहस्य से पर्दा उठा देती है।
फ़िल्म इस बार सस्पेंस ये नहीं बनाती कि “किसने किया” बल्कि सस्पेंस ये है कि “क्या हुआ है आख़िर?” और इस सस्पेंस को बख़ूबी छुपा कर रखती है अंत तक। मलयालम फ़िल्में कम किरदार, कम लोकेशन्स, और कम बजट में बढ़िया कहानियाँ रच रही हैं। फ़िल्म पूरी तरह से नज़रिया नाज़िम की है, और उन्होंने बढ़िया काम किया है। वे फहाद फ़ाज़िल की पत्नी हैं। इस बार हिन्दी डबिंग भी ऐसी हुई है कि अखरती नहीं है। बैक्ग्राउण्ड म्यूजिक भी फ़िल्म की कॉमिक थ्रिलर थीम को अच्छी तरह कैरि करता है।
फ़िल्म देखने लायक है, डिज़्नी हॉटस्टार पर उपलब्ध है।
#NazariyaNazim #malayalammovies #disneyhotstar #sookshmadarshini #mustwatch #fahadFazil
खूबसूरत लेख । यह सच है मलयालम फिल्में अच्छा काम कर रही हैं इनके आगे बॉलीवुड मुझे हमेशा फीका लगा।
जवाब देंहटाएं