स्पाइडर मॅन: ब्रांड न्यू डे - एक अद्भुत अनुभव



 A wholesome experience!

स्पाइडर मॅन बचपन से मेरा पसंदीदा सुपर हीरो रहा है, जबकि उस समय टीवी पर अंग्रेजी में आता था और हमारे लिए अंग्रेजी का काला अक्षर भैंस बराबर था क्योंकि उस समय तो अंग्रेजी स्कूल में पढ़ाना ही 6 ठी कक्षा से शुरू किया जाता था। स्पाइडर मॅन के लिए वो प्रेम अब तक बरकरार है। 2002 में आई पहली स्पाइडर मॅन फ़िल्म से लेकर अब तक सारी फ़िल्में मैंने देखी हैं और कल बच्चों के साथ देखी “स्पाइडर मॅन: ब्रांड न्यू डे”।

इससे पहले कि भूल जाऊँ एक बात तो बता ही देता हूँ जो मैंने बहुत शिद्दत से महसूस की, आप अवतार भले ही 2D में देख लें तो चलेगा लेकिन स्पाइडर मॅन तो 3D में ही देखिए। अद्भुत अनुभव है, खास तौर पर इस फ़िल्म में। स्पाइडर मॅन के साथ झूले झूलते हुए बड़ा मज़ा आता है। ये फ़िल्म स्पाइडर मॅन की अब तक बनी सारी फ़िल्मों से शानदार है।

इस बार स्पाइडर मॅन का मुक़ाबला ऐसे दुश्मन से है जो किसी का भी माइन्ड कंट्रोल कर सकता है और इसलिए अपराजेय लगता है। वह उन लोगों को भी कंट्रोल कर लेता है जिन्हें पहले स्पाइडर मॅन ने पकड़वाया था। शानदार विजुअल effects, बेहतरीन एक्शन sequences और ऐसा भी नहीं कि सिर्फ़ एक्शन और तकनीक है, फ़िल्म का भाव पक्ष भी बहुत मजबूत है, इतना कि फ़िल्म देखने के बाद अबीर मुझसे बोला “ये वाली फ़िल्म ईमोशनल थी”। स्पाइडर मॅन उसका भी सबसे फैव्रेट हीरो है। किसी भी कहानी का मानवीय पक्ष अगर मजबूत है तो वो फ़िल्म चाहे एक्शन हो, पर एक्शन फ़िल्मों में भी अलग हो जाती है।

बहुत सी चीजें ऐसी हैं जो आपको समझ नहीं आएंगी अगर आपने पिछली फ़िल्म नहीं देखी है, जैसे क्यों स्पाइडर मॅन की एक समय गर्लफ्रेंड रही मैरी और बेस्ट फ्रेंड रहा नेड उसे नहीं पहचानते? और ब्लैक विडो उसकी मदद कैसे कर रही है? ब्लैक विडो का तो खैर बहुत विशेष काम नहीं है इस फ़िल्म में पर हल्क और पनिशर महत्वपूर्ण किरदारों में हैं। पनिशर मार्वल का एक अलग सुपर हीरो है जिसके पास कोई अलग शक्ति नहीं है, पर अपनी ताक़त और तकनीक के दम पर वह लड़ता है। कहानी का ट्रीट्मन्ट एक पल के लिए भी interest कम नहीं होने देता। मुझे अवेन्जर फ़िल्मों में शिकायत थी कि स्पाइडर मॅन को मसखरा और कमज़ोर बच्चा दिखाया जा रहा है, वो शिकायत इस फ़िल्म में दूर हो गई।

तो हॉलण्ड मुझे पहली फ़िल्म में तो अटपटे लगे थे लेकिन अब लगता है कि वे सबसे बेहतर स्पाइडर मॅन हैं। उनमें स्ट्रेंगथ भी है, भाव भी, और वल्नरबिलिटी भी।

स्पाइडर मॅन की स्क्रीन यात्रा भी दिलचस्प है। मार्वल ने 1980 में इसे परदे पर लाने की योजना बनाई थी। उसके बाद डील पर डील चलती रहीं पर हर बार फ़िल्म बंद हो गई। 1988 में तो जेम्स कैमरून को hire किया गया था, उन्होंने 57 पेज की स्क्रिप्ट भी तैयार कर ली थी पर 1991 में उस फ़िल्म को भी बंद कर दिया गया। उसके बाद कई कोर्ट केसेस चले, मार्वल और 21 सेन्चरी फॉक्स ने अपने आपको दीवालिया भी घोषित कर दिया। 1998 में मार्वल फिर से ज़िंदा हुई और एक बार फिर सोनी पिक्चर्स के साथ spiderman फिल्म्स की डील हुई। 2002 में जाकर पहली फ़िल्म रिलीज़ हुई और सुपर हिट रही। इसी फ़िल्म ने सुपर हीरो फ़िल्मों के लिए मार्ग प्रशस्त किया। 2004 में दूसरी और 2007 में तीसरी फ़िल्म आई। इसके आगे सीक्वल पर काम हुआ लेकिन फ़िल्म नहीं बन पाई। 2012 में एक बार फिर इसे रीवाइव किया गया “अमैज़िंग स्पाइडर मॅन” में, पर इस बार पीटर पार्कर कोई और था। ये फ़िल्म भी हिट हुई, इसका दूसरा भाग उतना नहीं चला। ये वाला ऐक्टर भी स्पाइडर मॅन के किरदार में उतना नहीं रुचा था। तब तक मार्वल के दिमाग में भी स्पाइडर मॅन को अपने मार्वल यूनवर्स में लाने का कीड़ा पैदा हो चुका था। सोनी के साथ मोलभाव चलने लगा। आखिर स्पाइडर मॅन के अधिकार वापस मार्वल के पास आ गए और उन्होंने उसे अपने सुपर हीरो यूनवर्स में ले लिया। पहली बार “सिवल वॉर: कैप्टन अमेरिका” और फिर एवेनजर्स की दो फ़िल्मों में स्पाइडर मॅन परकट हुआ, और इस बार टॉम हॉलण्ड थे स्पाइडर मॅन के किरदार में। “स्पाइडर मॅन: नो वे होम” में तीनों स्पाइडर मॅन एक साथ आए थे, खयाल बहुत अच्छा था पर फ़िल्म वन टाइम वाच थी। पुराने स्पाइडर मॅन को फिर से देखना नॉस्टैल्जिक तो था।

इस बार कहानी पर बहुत मेहनत की गई है, कहानी क्या, हर विभाग पर की गई है इसलिए ये फ़िल्म देखकर इसे फिर से देखने का मन कर जाता है। स्पाइडर मॅन जल्दी ही एवेनजर्स की अगली फ़िल्म में भी नज़र आने वाला है। अब जबकि कैप्टन अमेरिका और आयरन मॅन खत्म हो चुके हैं तो एवेनजर्स में क्या नया होगा ये देखना दिलचस्प होगा।

फ़िलहाल आपने नहीं देखी है फ़िल्म और एक अच्छा अनुभव चाहते हैं तो इसे सिनेमा हॉल में 3D में देखिए। हाँ, एक प्रश्न पूछना चाहता हूँ, चशमिश लोगों को 3D फ़िल्में देखने में दिक्कत होती है ना? मैं तो तय ही नहीं कर पाता कि चश्मे के ऊपर चश्मा लगाऊँ या मेरा चश्मा हटाकर वो वाला लगाऊँ। आप लोग क्या करते हैं?

#spiderman #spidermanfans #SpiderManBrandNewDay #filmreview #SpiderManReview #tomholland #hollywood #HollywoodMovies #avengers

टिप्पणियाँ