वैसे तो बचपन में अमिताभ बच्चन की हर फ़िल्म मैं देख ही लेता था पर न जाने कैसे “अकेला” मुझसे छूट गई थी। हालाँकि इसकी औडियो कैसेट ख़रीदी थी मैंने और पूरे मनोयोग से गाने सुनता था। साल का यही समय था जब इसके गाने सुने जाते थे, और दीवाली का ही समय था जब फ़िल्म रिलीज़ हुई थी।
कई बरसों बाद जवान होने पर मैंने इसे देखने की कोशिश की पर मज़ा नहीं आया। उस थोड़ी सी देखी हुई के आधार पर मैंने इसे खराब फ़िल्मों की लिस्ट में रखा था पर कई मित्रों ने कहा कि “उतनी” ख़राब नहीं है, तो फिर सोचा एक बार देखी जाये। देखने के बाद पाया कि अच्छी तो नहीं ही है फ़िल्म पर फिर भी जादूगर के समकक्ष भी नहीं रखी जानी चाहिए। कहानी तो बेकार है पर अमिताभ बच्चन का परफॉर्मेंस अच्छा है, बल्कि फ़िल्म उन्हीं के कंधों पर है।
फ़िल्म में आप देखेंगे कि अमिताभ का लुक एक जैसा नहीं है। उनका हैयर स्टाइल भी बदल जाता है। उसका कारण है कि इस फ़िल्म को बनने में बहुत समय लग गया, और वो अमिताभ बच्चन की ऐसी उम्र थी कि उनका लुक बदल रहा था। फ़िल्म जनवरी 1988 में शुरू हुई थी और चार साल बाद 1991 की दीवाली पर रिलीज़ हुई। इसे सलीम ख़ान ने लिखा था और इसकी शुरुआत के वक़्त उनके बेटे सलमान के करियर की शुरुआत भी नहीं हुई थी, जबकि रिलीज़ होने के वक़्त वे स्टार हो चुके थे।
बात निकली है तो सलीम खान पर ही कुछ बातें कर लेते हैं। सलीम-जावेद की जोड़ी टूटने की वजह दोनों ने आज तक किसी को नहीं बताई, और ठीक ही किया, क्योंकि सलीम साहब की लिखाई देखकर मुझे समझ आता है कि जावेद साहब ने क्यों साथ छोड़ा होगा। सलीम साहब 1970 से आगे नहीं बढ़ रहे थे, उनकी लेखनी में कोई गहरी बात नज़र नहीं आती। जबकि जावेद ने अलग होने के बाद बहुत सा काम किया जो गहराई लिए है। मुझे लगता है, यही सोच का अंतर अलगाव का कारण रहा होगा। अकेला फ़िल्म पिट गई थी और एक तरह से, बल्कि दो तरह से इसका जिम्मेदार सलीम साहब को माना जा सकता है। पहला तो लिखाई बहुत ख़राब थी, और दूसरा – इसका जो खलनायक था, जिसे बहुत खतरनाक कहकर प्रचारित किया जा रहा था, और उसकी पहली फ़िल्म बताई जा रही थी, “कीथ स्टीवेंसन”, उसे सलीम साहब ने ज़ोर देकर फ़िल्म दिलवाई थी। उन्हें लगता था कि जिस तरह शोले में गब्बर सिंह, और शान में कुलभूषण खरबन्दा को पेश किया था, इस बार भी ये खलनायक छा जाएगा। लेकिन कीथ ही इस फिल्म की सबसे कमजोर कड़ी साबित हुए। अमिताभ बच्चन के सामने एक दमदार खलनायक चाहिए था, जो यहाँ नदारद ही था। मैंने जब पहली बार फिल्म में कीथ को देखा तो ये सोच रहा था कि ये विलन का आदमी होगा। पर वही विलन है जब पता चला तो मेरा मुँह खुला रह गया।
सलीम साहब पर ठीकरा इसलिए फोड़ा जाना चाहिए कि रमेश सिप्पी इस रोल के लिए कमल हासन को लेना चाहते थे। अगर ऐसा हो जाता तो फिल्म कुछ और ही होती, तब कमजोर कहानी भी इन दो दिग्गज अभिनेताओं के कंधे पर पार हो जाती। जबकि सपोर्ट कास्ट भी बढ़िया थी – जैकी श्राफ़, मीनक्षी शेषाद्री, अमृता सिंह। हालांकि इन सबके करने के लिए कुछ भी नहीं था। जैकी का तो बहुत ही फालतू रोल था। उन्हें हालाँकि ये कहकर साइन किया गया था कि स्पेशल अपीयरेंस होगा, पर रमेश सिप्पी ने इसे दो हीरो की फ़िल्म की तरह प्रचारित कर दिया ताकि ज़्यादा लोग आयें। मैं भी बचपन में यही समझा था। जैकी वाला रोल पहले जीतेंद्र को दिया था, पर उन्होंने इंकार कर दिया, ऐसा होता तो फ़िल्म और भी बकवास होती। अमृता सिंह वाला रोल सिप्पी श्रीदेवी को देना चाहते थे, पर उनके पास डेट्स नहीं थीं। अदित्य पन्श्चोली को तो जबरन ही रखा, मात्र तीन सीन हैं, वो भी बेकार से। उनको हीरोइन गंगा माँ दे दी। मेरा मतलब है “महाभारत” में गंगा बनने वाली किरण जुनेजा को हीरोइन बनाने की केलकुलेटेड कोशिश थी सिप्पी की, जो उनकी गर्ल फ्रेंड भी थी, और जिनसे उन्होंने शादी भी की। किरण जुनेजा को ब्रेक भी उन्होंने ही दिया था, टीवी धारावाहिक बुनियाद में। आदित्य पन्श्चोली वाला रोल पहले कुमार गौरव को ऑफर हुआ था पर उन्होंने इंकार कर दिया, उन्हें तब भी उम्मीद थी हीरो बनने की। शशि कपूर की ये आखिरी कमर्शियल फ़िल्म थी। अगर अमिताभ बच्चन, कमल हासन, और श्रीदेवी इस फ़िल्म में होते तो फ़िल्म का क्रेज़ अलग ही ऊँचाई पर चला जाता, और शायद तब थोड़ी और अच्छी भी होती।
यश चोपड़ा ने इस फ़िल्म के कारण अपनी फ़िल्म “लम्हे” की रिलीज़ आगे बढ़ा दी थी। उन्हें लगा था बरसों बाद सिप्पी और बच्चन एक साथ आए हैं, फ़िल्म तो हिट होगी ही। लेकिन अफसोस ऐसा कुछ नहीं हुआ। फिर लम्हे का क्लेश “फूल और काँटे” के साथ हुआ। दोनों एक ही दिन रिलीज़ होने वाली थी। अनिल कपूर ने फूल और काँटे के निर्माता को कहा भी था कि आप रिलीज़ आगे बढ़ा लीजिये, आपको नुकसान होगा। क्योंकि लम्हे बड़ी फ़िल्म थी, और यश चोपड़ा की फ़िल्म तो हिट होनी ही है। लेकिन सब अनुमान ध्वस्त हो गए, दोनों फिल्में एक ही दिन रिलीज़ हुई, और लम्हे फ्लॉप हो गई।
अकेला में अमिताभ बच्चन की वो ओवर एक्टिंग नहीं है जो जादूगर, तूफ़ान वगैरह में थी, बल्कि बड़े संतुलित और प्रभावशाली expressions थे। फ़िल्म इतनी लंबी है कि लगता है कि आप पैदा हुए तब से देख रहे हैं इसे, बिना कहानी के इतनी लंबाई बहुत उबाऊ हो जाती है। कुल मिलाकर 10 में से 5 अंक मिलने चाहिए, वो भी सिर्फ़ बच्चन साहब के कारण। लक्ष्मी-प्यारे का संगीत औसत ही कहा जा सकता है, बचपन में तो सारे गीत अच्छे लगते थे पर अब दो ही गीत उल्लेखनीय हैं – “आग लग जाये कहीं पर” और “कहती है दुनिया”।
#akayla #amitabhbachchan #rameshsippy #jackieshroff #meenakshisheshadri #sridevi #kamalhassan

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें